Filmipop

सनी देओल और संजय दत्त के गुरु हैं गुलशन ग्रोवर, 400 फिल्में करने वाले एक्टर को शत्रुघ्न और अमिताभ का मिला था साथ

Edited by उमा मिश्रा | Hindi Filmipop | Updated: 18 Nov 2023, 4:48 pm
बॉलीवुड एक्टर गुलशन ग्रोवर को आप सभी जानते हैं। इन्होंने 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। हिंदी से लेकर इंग्लिश फिल्मों में काम किया है। हीरो बनने मुंबई आए गुलशन एक-दो मूवीज के बाद ही विलन बन गए थे। उनका हालांकि यहां तक पहुंचने का सफर कुछ आसान नहीं रहा था। उन्होंने कई पापड़ बेले थे। सड़कों पर साबुन बेचे थे। एक्टर बनाने के लिए पापा ने घर और मां ने गहने गिरवी रख दिए थे।
गुलशन ग्रोवर का जन्म 21 सितंबर 1955 को हुआ था। इनके पिता पाकिस्तान के रावलपिंडी के रहने वाले थे। वहीं पर रहकर ये कपड़ों का बिजनेस करते थे। लेकिन जब भारत-पाक का बंटवारा हुआ तो ये दिल्ली आ गए। ऐसे में इनका सारा काम-धन्धा खराब हो गया। एक्टर का परिवार गरीबी में आ गया। कई दिन खाने को भी नहीं मिलता था। बिना खाए सोते थे।

ऐसे मिली पहली फिल्म

एक्टर ने अपनी किताब 'बैड मैन' में बताया था कि उनके स्कूल की टाइमिंग दोपहर की होती थी। लेकिन वह सुबह ही बैग में अपनी यूनिफॉर्म रखकर चले जाते थे। फिर वह साबुन और पाउडर बेचते थे। साथ ही फिनाइल की गोलियां भी बेचने का काम किया करते थे। उससे मिलने वाले पैसों से पेट पालते थे। फीस भरते थे। गुलशन ग्रोवर स्कूल के समय से ही रामलीला में हिस्सा लेने लगे थे। यहीं से उनको एक्टिंग का शौक हो गया। वह मुंबई गए। वहां उन्होंने रोशन तनेजा की एक्टिंग स्कूल में दाखिला लिया। इसके बाद इन्हें पहली फिल्म मिली।

ऐसा था स्ट्रगल

'हिंदुस्तान टाइम्स' को दिए एक इंटरव्यू में गुलशन ग्रोवर ने अपने स्ट्रगल के दिनों को याद करते हुए कहा था, 'मैं कड़ी मेहनत का नतीजा हूं, लेकिन इनसाइडर्स ने मेरी मदद की। शत्रुघ्न सिन्हा ने मुझे एक रोल दिया तो अमिताभ बच्चन ने एक फिल्म के लिए मेरी सिफारिश की थी। जब जान पहचान होती है तो निर्देशकों से मिलना आसान हो जाता है। मैं घंटों लोगों के दफ्तरों के बाहर खड़ा रहता था। यह तब की बात है, जब मैं एक ट्रेंड एक्टर था। तो, यह ईमानदारी और कड़ी मेहनत है जो आखिर में रंग लाती है।'