Filmipop

मिलिंद सोमन शाखा जाने से पहले घर में छिप जाया करते थे फिर अच्छा लगा, कहा- हर वीकेंड की शाम बिल्कुल अलग होती थी

Curated by अर्चना सिंह | Hindi Filmipop | Updated: 9 Nov 2023, 7:41 pm
मिलिंद सोमन शाखा जाया करता था
मिलिंद सोमन शाखा जाया करता था
मिलिंद सोमन बॉलीवुड के सबसे फिट एक्टर्स में से एक हैं जिन्होंने हाल ही में 4 नवंबर को अपना 58वां जन्मदिन मनाया है। सुपरमॉडल के तौर पर अपनी पहचान बनाने वाले मिलिंद देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन चुके हैं। अलीशा चिनॉय के म्यूजिक वीडियो 'मेड इन इंडिया' से मिलिंद युवाओं के दिलों की धड़कन बन गए।
वैसे मिलिंद का जन्म स्कॉटलैंड के ग्लासगो में रहने वाली मराठी परिवार में हुआ था। जब वह 7 साल के हुए तो परिवार मुंबई आ गया और इसी छोटी सी उम्र से राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (RSS) शाखा जाना शुरू कर दिया था। उनके पिताजी उन्हें साथ लेकर जाया करते थे। हालांकि, कहते हैं कि पहले उन्हें वहां जाना पसंद नहीं था और वह उस टाइम पर कहीं छिप जाया करते थे।

धीरे-धीरे शाखा जाना अच्छा लगने लगा

फिर धीरे-धीरे उन्हें वहां जाना अच्छा लगने लगा। Made In India नाम की ही किताब में मिलिंद ने इस बारे में बातें की और कहा, 'मेरी यादों में वो सब है जो शाम 6 से 7 बजे के बीच हमारी शाखा में हुआ करता था। हर वीकेंड की शाम बिल्कुल अलग होती थी।'

'संस्कृत में श्लोकों पढ़ते थे और उसका मतलब समझते थे'

मिलिंद ने कहा था, 'शाखा पहुंचकर हम अपने खाकी शॉर्ट्स में मार्च करते थे, योग करते थे, हम ट्रडिशनल आउटडोर जिमनैशियम में वर्कआउट किया करते थे। यहां कोई फैन्सी जिम उपकरण नहीं होते थे। हम वहां गाना गाते थे, संस्कृत में श्लोकों पढ़ते थे और उसका मतलब समझते थे। गेम खेला करते थे और साथियों के साथ जमकर मस्ती होती थी।'

'हमें देश का सभ्य नागरिक बनने के लिए ट्रेन कर रहा था'

मिलिंद के बयान के मुताबिक, 'शाखा हमें देश का सभ्य नागरिक बनने के लिए ट्रेन कर रहा था। हम बड़ों की इज़्ज़त करें, वक्त आने पर देश के लिए खड़े हों, ये सारी बातें अक्सर व्यायाम के बाद हमारे गुरू हमें बताया करते थे।' एक्टर ने बताया कि उनके पापा को शाखा से जुड़े होने पर गर्व था।