सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' की रिलीज से खासे उत्साहित हैं। ईद के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपना दम दिखाया है। चार दिनों में इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 126 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। सलमान खान बॉलीवुड के लिए हिट मशीन हैं। भले ही उनकी फिल्म आपको पसंद न आए, लेकिन कमाई के मामले में उनकी फिल्मों का रिकॉर्ड जबरदस्त है। साल 1989 में बतौर लीड एक्टर सलमान खान की फिल्म 'मैंने प्यार किया' रिलीज हुई थी। तब से लेकर अब तक 34 साल में उनकी एक से बढ़कर एक फिल्में रिलीज हुईं। इनमें 'तेरे नाम' और 'टाइगर फ्रेंचाइजी' की भी फिल्म शामिल है, जिसके लिए फैंस आज भी सीटियां बजाते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि IMDb की रेटिंग के हिसाब से सलमान की टॉप-5 फिल्मों में न तो 'तेरे नाम' है, न 'एक था टाइगर' और ना ही 'टाइगर जिंदा है।' जाहिर यह आप भी सोच रहे होंगे कि फिर आखिर सलमान की टॉप-5 फिल्में फिर हैं कौन सी, तो आइए लिस्ट भी देख लेते हैं।
1. बजरंगी भाईजान (2015)
IMDb पर रेटिंग के लिहाज से सलमान खान की सबसे बेहतरीन फिल्म 'बजरंगी भाईजान' है। साल 2015 में रिलीज हुई इस फिल्म के डायरेक्टर कबीर खान हैं। फिल्म में सलमान के साथ करीना कपूर, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और हर्षाली मल्होत्रा हैं। फिल्म की कहानी पवन की है, जो पाकिस्तान से भटककर भारत आई मुन्नी को वापस उसके मुल्क छोड़ने जाता है, वो भी बिना वीजा और बिना पासपोर्ट के। यकीनन यह सलमान के करियर की एक बेहतरीन फिल्म है। 163 मिनट की यह फिल्म जब खत्म होती है तो शायद ही कोई ऐसा दर्शक होगा, जिसकी आंखों के कोर में इस फिल्म ने आंसुओं का अस्तित्व नहीं छोड़ा। इस फिल्म को IMDb पर 8.1 रेटिंग मिली है।
2. अंदाज अपना अपना (1994)
राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी 'अंदाज अपना अपना' एक मजेदार कॉमेडी फिल्म है। इसमें सलमान खान के साथ आमिर खान, रवीना टंडन और करिश्मा कपूर लीड रोल में हैं। कहानी अमर और प्रेम नाम के दो दोस्तों की है। उनकी चालबाजी की है और इस फेर में उनको हुए सच्चे प्यार की है। दिलचस्प बात यह है कि 1994 में जब यह फिल्म रिलीज हुई थी, तब बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई। लेकिन बाद में इस फिल्म को टीवी पर लोगों ने बेशुमार मोहब्बत दी। IMDb पर इस फिल्म को 8.0 रेटिंग मिली है।
3. हम आपके हैं कौन...! (1994)
लिस्ट में तीसरे नंबर पर सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हम आपके हैं कौन...!' है। सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म प्रेम और निशा की प्रेम कहानी से ज्यादा एक परिवार और गठजोड़ की बानगी है। एक ऐसा परिवार, जो हम सभी के लिए उदाहरण की तरह है। जहां परिवार के बड़े से लेकर घर का नौकर और यहां तक कि पालतू डॉगी भी प्यार बांटता है। फिल्म में सलमान खान के साथ माधुरी दीक्षित, मोहनीश बहल, रेणुका शहाणे हैं। भारतीय सिनेमाई इतिहास में 'हम आपके हैं कौन...!' के नाम सबसे ज्यादा फुटफॉल का रिकॉर्ड भी है। यह फिल्म जब रिलीज हुई थी, तब सिनेमाघरों में इसे देखने के लिए 7.39 करोड़ से अधिक दर्शक पहुंचे थे। IMDb पर इस फिल्म को 7.5 रेटिंग मिली है।
4. हम दिल दे चुके सनम (1999)
संजय लीला भंसाली के डायरेक्शन में बनी 'हम दिल दे चुके सनम' इस लिस्ट में चौथे नंबर पर है। IMDb पर इसे 7.4 रेटिंग मिली है। फिल्म में सलमान के साथ ऐश्वर्या राय और अजय देवगन हैं। नंदिनी को समीर से प्यार है। लेकिन पारिवारिक कारणों से उसे वनराज से शादी करनी पड़ती है। वनराज को अपनी पत्नी नंदिनी से बहुत प्यार है, इसलिए वह उसकी खुशी के लिए उसे लेकर लंदन जाता है ताकि वह समीर से मिल सके। यह फिल्म सलमान की निजी जिंदगी में भी बहुत अहम हिस्सा है। इसी के सेट पर उन्हें ऐश्वर्या से प्यार हुआ था। हालांकि, इस रिश्ते का अंत बहुत ही बुरा रहा।
5. मैंने प्यार किया (1989)
सलमान खान ने 1988 में 'बीवी हो तो ऐसी' फिल्म में सपोर्टिंग रोल से डेब्यू किया था। एक साल बाद सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बतौर लीड एक्टर सलमान की पहली फिल्म 'मैंने प्यार किया' रिलीज हुई थी। यह फिल्म बंपर हिट साबित हुई और सलमान खान रातों-रात स्टार बन गए। फिल्म में उनके साथ भाग्यश्री हैं। कहानी एक अमीर परिवार के लड़के प्रेम और इसी परिवार के दोस्त की बेटी सुमन की है। सुमन के पिता गैराज चलाते हैं। प्रेम और सुमन को एक-दूजे से प्यार हो जाता है। हालात दोनों को एक होने से रोकते हैं। प्रेम अपनी सुमन को पाने के लिए हालात से लड़ता है। घर छोड़कर जाता है, मेहनत कर खुद को साबित करता और फिर सुमन को अपनाता है। सलमान के फैंस के लिए 'मैंने प्यार किया' एक ट्रीट की तरह है। इस फिल्म में सलमान को देखना आज भी ताजगी देता है। IMDb पर 'मैंने प्यार किया' को 7.3 रेटिंग मिली है।