जब 15 साल की एक्ट्रेस की मां ने राजेश खन्ना पर लगाए थे संगीन आरोप, हिल गई थी पूरी इंडस्ट्री
Curated by स्वपनल सोनल | Hindi Filmipop | Updated: 24 Apr 2023, 8:30 pm
आज भले ही सिनेमा की दुनिया में बॉलीवुड से लेकर साउथ तक, एक पर एक सुपरस्टार हैं। लेकिन भारतीय सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना की बात सबसे जुदा रही है। कहने वाले कह गए हैं कि भारतीय सिनेमा में टॉप-10 में एक से दस तक सिर्फ एक ही इंसान है, और वो काका बाबू। बाकी सारे कलाकार उनके बाद आते हैं। राजेश खन्ना देश के पहले सुपरस्टार थे, जिनका स्टारडम था। एक ऐसा एक्टर जिसकी तबीयत खराब होती थी तो फिल्ममेकर्स उनके साथ अस्पताल में भर्ती हो जाते थे, इस चाहत में कि किसी तरह एक बार काका से बात हो जाए और वो उनकी फिल्म में काम करने के लिए मान जाए। ऐसे में आप कल्पना कर सकते हैं कि तब क्या हुआ होगा, जब एक 15 साल की एक्ट्रेस की मां सामने खड़ी होकर यह कहे कि राजेश खन्ना ने उनकी बेटी के साथ घिनौनी हरकत की है! यकीनन यह एक ऐसा आरोप था, जिसने पूरी इंडस्ट्री को तब हिलाकर रख दिया था।
सिनेमा की दुनिया में चमकने का मतलब अगर शोहरत और पैसा है, तो इसके साथ ही यह एक ऐसी समस्या का भी जन्म होता है, जिसका कोई इलाज नहीं। यह समस्या है गॉसिप। Rajesh Khanna के साथ ही ऐसा ही था। वह अपने पूरे करियर में कई बार ऐसे गॉसिप का शिकार हुए, जिसके कारण कई बार उन्हें विवादों का भी सामना करना पड़ा। लेकिन एक खबर ऐसी थी जिसने सबको झकझोर कर रख दिया। बात साल 1986 की है, राजेश खन्ना पर 15 साल की एक्ट्रेस सबीहा की मां ने बेटी के साथ घिनौनी हरकत और बर्ताव के आरोप लगाए। दोनों तब फिल्म 'अनोखा रिश्ता' में साथ काम कर रहे थे।
राजेश खन्ना
...तब ढलान पर था राजेश खन्ना का स्टारडम
यह वह दौर था, जब राजेश खन्ना अपने स्टारडम के शिखर से लुढकने लगे थे। उनकी फिल्में फ्लॉप हो रही थीं। अमिताभ बच्चन एंग्री यंग मैन बन चुके थे। ऐसे में किसी को-स्टार का इस तरह आरोप लगाना, राजेश खन्ना के करियर स्ट्रगल में जोर का झटका था। खास बात यह थी कि अब से पहले राजेश खन्ना को लेकर शायद की कोई ऐसी कोई बात सोच भी सकता था।
अनोखा रिश्ता मूवी
सबीहा की मां अमीता ने दिया था सनसनीखेज इंटरव्यू
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब Sabeeha की मां, और बीते जमाने की मशहूर एक्ट्रेस अमीता ने एक इंटरव्यू में चौंकाने वाले खुलासे किए थे। अमीता ने आरोप लगाए कि राजेश खन्ना ने उनकी बेटी के साथ फिल्म के सेट पर बहुत ही घिनौना बर्ताव किया है। यही नहीं, उन्होंने कहा कि फिल्म 'अनोखा रिश्ता' के डायरेक्टर आईवी शशि ने उनकी बेटी के साथ एक होटल के कमरे में रेप की कोशिश की। जाहिर है, सबीहा की मां का बयान जंगल में आग की तरह फैल गया। हर मैगजीन और अखबारों में अमीता के आरोपों ने सुर्खियां बटोरीं। पूरी इंडस्ट्री में खलबली मच गई।
सबीहा
'खिलाड़ी' फिल्म में भी नजर आई थीं सबीहा
हालांकि, बाद में इन आरोपों पर न तो सबीहा और ना ही अमीता ने कोई सबूत दिए। लिहाजा कई महीनों तक चर्चाओं में रहने के बाद ये आरोप बिना किसी पुष्टि के खत्म हो गए। 'अनोखा रिश्ता' के बाद सबीहा ने फिल्म 'खिलाड़ी' में नजर आई थीं। इसमें उनके अपोजिट दीपक तिजोरी थे।