
हम यहां आपको कुछ ऐसे फलों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें गर्मियों में खाने से न केवल शरीर में ठंडक बनी रहेगी, बल्कि पानी की कमी भी नहीं होगी। कुछ फलों की तासीर ठंडी होती है, जिन्हें खाने के बाद गर्मी से राहत मिलती है। इन फलों का सेवन करने से लू लगने का खतरा भी कम रहता है।
लीची
गर्मियों में जगह जगह आपको लीची बिकती दिख जाएगी। यह फल थोड़ा महंगा जरूर होता है, लेकिन इसे खाने से शरीर को बहुत ठंडक पहुंचती है। गर्मी के दिनों में लीची खाने से शरीर में पानी की कमी को पूरा किया जा सकता है। इसमें मौजूद विटामिन, प्रोटीन, साइट्रिक एसिड और फास्फोरस अच्छी मात्रा में होता है, जो स्वास्थ्य को ठीक बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी है।
आम
आम को फलों का राजा कहते हैं। यह गर्मियों का ही फल है। यह फल फाइबर से भरपूर है और इसमें 20 प्रतिशत विटामिन और मिनरल होते हैं। यह फल विटामिन ए, सी और बी-7 का बेहतरीन स्त्रोत है, जो गेहूं और चावल से ज्यादा ताकत देता है। हालांकि, इसकी तासीर गर्म होती है, इसलिए गर्मियों में जरूरत से ज्यादा इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
तरबूज
गर्मियां इस लाल और रसीले फल के बिना अधूरी हैं। गर्मी के मौसम में खाने के लिए यह सबसे अच्छा फल है। तरबूज में विटामिन बी- 6 और पोटेशियम होता है। पोटेशियम शरीर में पानी के संतुलन को बनाए रखता है, वहीं विटामिन बी-6 रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार करता है। बता दें कि तरबूज की तासीर ठंडी होती है। इसमें 92 प्रतिशत पानी होता है और ये एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर है। ऐसे में ये शरीर में पानी की कमी को दूर करता है। गर्मियों में इसका सेवन करने से कभी भी डिहाइड्रेशन की शिकायत नहीं होती।
खरबूज
खरबूज गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाता है। इसमें भी 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखता है। इसके अलावा ये शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में भी मददगार है। इसलिए गर्मी के दिनों में खरबूज को अपने आहार का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए।
संतरा
गर्मी में शरीर में ठंडक बनाए रखने के लिए संतरा भी खा सकते हैं। इससे शरीर में नमी बनी रहती है, साथ ही यह पोटेशियम की कमी को भी दूर करता है। संतरे में लगभग 80 प्रतिशत तक पानी होता है, ऐसे में शरीर में पानी की मात्रा को बनाए रखने के लिए संतरे का जूस पीने के साथ ही सादा संतरा भी खा सकते हैं।