Filmipop

Stress Constipation: मानसिक तनाव से भी होती है कब्ज की समस्या, जानें इसके लक्षण और 3 असरदार उपाय

Authored by उस्मान खान | Hindi Filmipop | Updated: 17 Nov 2022, 10:38 am
ज्यादा तनाव हमें मानसिक ही नहीं बल्कि शारीरिक रूप से भी कमजोर बनाता है। जब व्यक्ति अधिक तनाव में होता है तो उसकी इम्यूनिटी भी कमजोर होने लगती है और उसे कई तरह की बीमारियां घेर लेती है। तनाव के कारण हाई ब्लड प्रेशर, हृदय से जुड़ी बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। इसका बुरा असर कार्यशैली और संबंधों पर भी पड़ता है। तनाव का असर पाचन शक्ति पर भी पड़ता है और कब्ज (Constipation) की समस्या होने लगती है।

कब्ज के कारण? जी हां तनाव के कारण कब्ज भी हो सकता है। हालांकि तनाव के अलावा कब्ज होने के और भी कारण हो सकते हैं जैसे अनियमित भोजन, बासी भोजन करना, कम शारीरिक श्रम, ज्यादा चिकना और तला भुना भोजन करना और आंतों की कमजोरी आदि। पेट साफ न होने पर सिरदर्द होना, कमजोरी महसूस होना और जी-मिचलाना जैसी समस्याएं उत्पन्न होने लगती हैं। मल त्याग करते समय अधिक जोर लगाने पर हर्निया भी हो सकता है।

कब्ज का रामबाण इलाज
तनाव में इंसान को भूख नहीं लगती और वह जो भी खाता है वो पचता नहीं है। इसके कारण इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) डिस्ऑर्डर हो जाता है। IBS बड़ी आंत को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाता है। अपने इस लेख में हम आपको बताएंगे कि तनाव से कब्ज की समस्या कैसे पैदा होती है और इसे दूर करने के कुछ आसान घरेलू उपाय।

तनाव से कैसे होती है कब्ज की समस्या?

तनाव के दौरान, मस्तिष्क कोर्टिसोल, एड्रेनालाईन और सेरोटोनिन जैसे हार्मोन रिलीज करता है, जिससे पेट से जुड़ी समस्याएं होने लगती हैं जैसे ऐंठन, दर्द, दस्त आदि। पाचन तंत्र को गति देने वाले न्यूरॉन्स आंतों को अनुबंधित करते हैं और भोजन को पचाते हैं। जब व्यक्ति तनाव में होता है तो यह पाचन प्रक्रिया धीमा हो सकती है। यदि आप लंबे समय से तनाव में हैं तो पेट में दर्द क्रोनिक हो सकता है।

कैसे करें कब्ज की समस्या को दूर?
कब्ज की समस्या से छुटकारा पाने के लिए सबसे पहले आप तनाव मुक्त रहने का प्रयास करें। ज्यादा टेंशन लेने से बचें। इसके अलावा आपको खानपान का भी अधिक ध्यान रखना होगा। आप ज्यादा चिकना या तला भुना खाना खाने की जगह अपनी डाइट में हेल्दी फूड शामिल करें। इसके अलावा आप मेडिटेशन का भी सहारा ले सकते हैं।

कब्ज के घरेलू उपाय

सेब का जूस
यदि आपको कब्ज की समस्या हो रही है तो आप सेब का जूस पी सकते हैं। इससे आपको काफी एनर्जी मिल सकती है। यह शरीर से सारी गंदगी को बाहर निकाल सकता है। सेब का जूस ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने के साथ वजन कम करने में भी आपकी मदद कर सकता है।

औषधीय गुणों से भरपूर अदरक
अदरक में कई स्वास्थ्यवर्धक गुण होते हैं। यह सर्दी ल, जुकाम, खांसी आदि में भी राहत दे सकता है। यह पाचन को मजबूत बनाकर कब्ज को दूर कर सकता है। इसमें कई विटामिन और मिनरल्स होते हैं।

रात को पिएं नींबू पानी
कब्ज की प्रॉब्लम को दूर करने के लिए आप रोजाना रात को एक गिलास पानी में एक नींबू डालकर पिएं, साथ ही आप उसमें चीनी और नमक भी मिला सकते हैं। नींबू पानी आपके शरीर को डिटॉक्स कर सकता है। इसके अलावा आपको अपना वजन कंट्रोल करने में भी मदद मिलेगी।